Saturday, February 28, 2026
No menu items!
Homeराजनीतिएनडीए की ओर से स्पीकर के लिए ओम बिरला और विपक्ष की...

एनडीए की ओर से स्पीकर के लिए ओम बिरला और विपक्ष की ओर से सुरेश होंगे उम्मीदवार, कल होगी वोटिंग

नई दिल्ली । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 18वीं लोकसभा के स्पीकर के रूप में ओम बिरला का नाम प्रस्तावित किया है। सत्ताधारी गठबंधन की ओर से आज बिरला ने अपना नामांकन दाखिल किया। इसी बीच विपक्ष ने भी स्पीकर के तौर पर कांग्रेस के के सुरेश का नामांकन कर दिया है। लोकसभा स्पीकर पद के लिए कल यानी 26 जून की सुबह 11 बजे वोटिंग होगी। लोकसभा की परंपरा रही है कि अध्यक्ष को सर्वसम्मति से चुना जाता है। इस बार सदन में विपक्ष मजबूती के साथ उभरा है और उसकी ओर से उपाध्यक्ष के पद की मांग की जा रही है। सरकार इसको लेकर तैयार नहीं है। ऐसे में विपक्ष की ओर से केरल से आने वाले के सुरेश ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर दिया है।

लोकसभा सदस्यों का शपथ ग्रहण जारी
संसद सत्र के दूसरे दिन भी लोकसभा सदस्यों का शपथ लेना जारी है। जो कल शपथ लेने से बच गए थे, वो आज शपथ ले रहे हैं। आज अभी तक भाजपा सांसद संबित पात्रा, अपराजिता सारंगी और पंजाब के पूर्व सीएम और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने शपथ ली।

‘ये मेरा नहीं, पार्टी का फैसला’- के सुरेश
विपक्षी गठबंधन की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने पर के सुरेश ने कहा कि मैंने अपना नामांकन भर दिया है। यह पार्टी का फैसला है, मेरा नहीं। लोकसभा में ये राय थी कि स्पीकर सत्ताधारी दल का और डिप्टी स्पीकर विपक्ष का होना चाहिए। डिप्टी स्पीकर पद पर हमारा अधिकार है, लेकिन वे (एनडीए) इसके लिए तैयार नहीं हैं। सुबह 11.50 तक हमने सरकार के जवाब का इंतजार किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो हमने नामांकन भर दिया।’

स्पीकर चुनाव को लेकर विपक्षी गठबंधन पर बरसे केंद्रीय मंत्री
विपक्षी गठबंधन की तरफ से के. सुरेश को लोकसभा स्पीकर पद का उम्मीदवार बनाए जाने पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा ‘उन्होंने (विपक्ष) कहा कि पहले डिप्टी स्पीकर के लिए नाम तय कर लें, फिर हम स्पीकर उम्मीदवार का समर्थन करेंगे! हम ऐसी राजनीति की निंदा करते हैं। अच्छी परंपरा तो यह होती कि स्पीकर सर्वसम्मति से चुना जाता। स्पीकर किसी पार्टी या विपक्ष का नहीं होता, वह पूरे सदन का होता है। इसी तरह डिप्टी स्पीकर भी किसी पार्टी या समूह का नहीं होता, वह पूरे सदन का होता है और इसलिए सदन की सहमति होनी चाहिए। ऐसी शर्तें कि कोई खास व्यक्ति या खास पार्टी का ही डिप्टी स्पीकर हो, लोकसभा की किसी भी परंपरा में फिट नहीं बैठतीं।’

अखिलेश यादव बोले- विपक्ष को मिलना चाहिए डिप्टी स्पीकर का पद
सपा अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के चुनाव को लेकर कहा कि ‘सबकुछ जल्द ही साफ हो जाएगा। विपक्ष की मांग है कि डिप्टी स्पीकर पद उन्हें मिलना चाहिए और हमारी पार्टी का भी यही स्टैंड है।’

पीएम मोदी विपक्ष से सहयोग मांग रहे हैं, लेकिन हमारे नेता का अपमान हो रहा : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा ‘आज अखबार में लिखा है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि विपक्ष को सरकार के साथ रचनात्मक सहयोग करना चाहिए। राजनाथ सिंह ने मल्लिकार्जुन खड़गे को फोन किया और उनसे स्पीकर को समर्थन देने को कहा। पूरा विपक्ष कहता है कि हम स्पीकर का समर्थन करेंगे लेकिन परंपरा यह है कि डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि वे मल्लिकार्जुन खड़गे से वापस बात करेंगे लेकिन उन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है। पीएम मोदी विपक्ष से सहयोग मांग रहे हैं लेकिन हमारे नेता का अपमान हो रहा है।’ राहुल गांधी ने कहा कि ‘राजनाथ सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे से बात की। हमने राजनाथ सिंह को कहा है कि हम स्पीकर पद पर उनके उम्मीदवार का समर्थन करेंगे, लेकिन डिप्टी स्पीकर का पद विपक्ष को मिलना चाहिए।’

leadnewstoday
leadnewstodayhttps://leadnewstoday.com/
आप सभी का LEAD NEWS TODAY में स्वागत है. LEAD NEWS TODAY एक समाचार (न्यूज) वेबसाइट है. जो निष्पक्ष, प्रामाणिक और भरोसेमंद तरीके से अपने दर्शकों और पाठकों तक खबरों को पहुंचाती है. महाराष्ट्र समेत देश, दुनिया की सारी ताजा खबरें आप तक पहुँचाने का हमारा प्रयास है. LEAD NEWS TODAY में आपको राजनिती से लेकर बिजनेस, मनोरंजन, बॉलीवुड, स्पोर्ट्स, क्राइम और लाइफस्टाईल इन सभी क्षेत्रों की ताजा खबरें पढने को मिलेंगी.... LEAD NEWS TODAY Is best Hindi News Portal. We covers latest news in politics, entertainment, bollywood, business and sports.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments