Thursday, April 16, 2026
No menu items!
Homeराज्य की खबरेंजिहादी पोस्ट करने वाले आतंकी फैजान शेख ने उगले कई राज, खुद...

जिहादी पोस्ट करने वाले आतंकी फैजान शेख ने उगले कई राज, खुद अबू फैजल जैसा बनना चाहता था

भोपाल. मध्य प्रदेश एटीएस ने गुरुवार सुबह खंडवा जिले से प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन (आईएम) से जुड़े आतंकी फैजान शेख को गिरफ्तार किया है. आतंकी फैजान अपने को मुजाहिद साबित करना चाहता था. उसने इंटरनेट मीडिया पर जिहादी पोस्ट भी की थीं. रिमांड के दौरान फैजान ने बताया कि वो आतंकी अबू फैजल जैसा बनना चाहता था.

आतंकी अबू उत्तर प्रदेश का रहने वाला है. वह मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रहता था. उसके खिलाफ इंदौर में पहला केस दर्ज हुआ था. 2009 में खंडवा पदस्थ एटीएस जवान सीताराम यादव की हत्या के अलावा दो हत्या के प्रयास, छह डकैती-लूट के अपराध और भोपाल, देवास और मंदसौर में डकैती के केस उस पर दर्ज है. इसके अलावा अहमदाबाद बम ब्लास्ट मामले में भी वह आरोपी है. भोपाल सेंट्रल जेल में पहले से सजा काट रहे आतंकी अबू फैजल को दिसंबर 2023 में एनआईए कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई. यह सजा 2013 में जेल तोड़ने के मामले में सुनाई गई है. इसमें आतंकी और उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर उनकी बंदूकें लूट ली थीं. फिलहाल वो जेल में अपनी सजा काट रहा है.

मध्य प्रदेश एटीएस के आइजी डॉ. आशीष ने बताया कि आतंकी फैजान के इरादे बेहद खतरनाक थे. वह लोन वुल्फ अटैक करके स्वयं को इंडियन मुजाहिदीन के यासीन भटकल एवं सिमी सरगना अबू फैजल की तरह बड़ा मुजाहिद साबित करना था. अपनी योजना को अंजाम देने के लिए उसके द्वारा स्थानीय अवैध हथियार कारोबारी तथा राज्य के बाहर के लोगों से संपर्क करके पिस्टल एवं कारतूस एकत्र किए जा रहे थे.

आतंकी के पास से पिस्टल, कारतूस और काफी जिहादी साहित्य बरामद किया गया है. एटीएस के अनुसार, फैजान के निशाने पर सुरक्षा बलों के जवान थे. इसके लिए उसकी योजना लोन वुल्फ अटैक यानी अकेले ही हिंसक वारदात को अंजाम देने की थी. इसे अंजाम देने के लिए वह सुरक्षा बल के जवानों और उनके परिजनों की निगरानी व रेकी कर रहा था. आरोपित की पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है और एटीएस उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी पता लगाने में जुटी है.

एटीएस ने आतंकी के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन के अलावा आइएम, आइएसआइएस और अन्य आतंकी संगठनों से संबंधित जेहादी साहित्य व सिमी संगठन के सदस्यता फऑर्म भी बरामद किए हैं. आतंकी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन एवं डिजिटल डिवाइस में भी इंडियन मुजाहिदीन, आईएसआईएस, जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा आदि के जेहादी साहित्य , वीडियो एवं फोटो प्राप्त हुए हैं. गिरफ्तार आतंकी प्रतिबंधित संगठन सिमी के सदस्यों से भी संपर्क में था. उसके विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया है.

आतंकी फैजान अपनी फेसबुक आईडी पर इंडियन मुजाहिदीन से संबंधित जिहादी पोस्ट कर आईएम व आईएसआईएस की विचारधारा का प्रचार-प्रसार कर रहा था. इसके द्वारा पाकिस्तान में चल रहे मुजाहिदीन ट्रेनिंग कैंप की वीडियो, मसूद अजहर (जैश-ए-मोहम्मद) लश्कर-ए-तैयबा की तकरीर पोस्ट करते हुए कंधार विमान अपहरण की कहानी तथा मुल्ला उमर के बयान एवं अंसार गजवा-तुल-हिंद (एजीएच) से संबंधित पोस्ट इंटरनेट मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जा रहे थे.

फैजान शेख की गिरफ्तारी पर छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, पुलिस की तत्परता और चौकसी के कारण ही यह आतंकी गिरफ्तार हो पाया है. इसके पास बहुत से आतंकी साहित्य, आपत्तिजनक सामग्री, रिवॉल्वर, असलाह सहित बहुत से समान मिले. इसके अलावा इसके आतंकी संगठन आईएसआई से भी संपर्क होने के सबूत मिले हैं. हमने केंद्रीय जांच एजेंसियों को सूचना दे दी है. जल्द ही वे भी अपनी जांच आरंभ करेंगे. पुलिस की इस तत्परता के लिए मैं पुलिस को बधाई देता हूं.

leadnewstoday
leadnewstodayhttps://leadnewstoday.com/
आप सभी का LEAD NEWS TODAY में स्वागत है. LEAD NEWS TODAY एक समाचार (न्यूज) वेबसाइट है. जो निष्पक्ष, प्रामाणिक और भरोसेमंद तरीके से अपने दर्शकों और पाठकों तक खबरों को पहुंचाती है. महाराष्ट्र समेत देश, दुनिया की सारी ताजा खबरें आप तक पहुँचाने का हमारा प्रयास है. LEAD NEWS TODAY में आपको राजनिती से लेकर बिजनेस, मनोरंजन, बॉलीवुड, स्पोर्ट्स, क्राइम और लाइफस्टाईल इन सभी क्षेत्रों की ताजा खबरें पढने को मिलेंगी.... LEAD NEWS TODAY Is best Hindi News Portal. We covers latest news in politics, entertainment, bollywood, business and sports.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments