मुंबई : जहां राज्य में अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, वहीं अब मुंबई में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां आरबीआई दफ्तर में बम होने की धमकी (RBI Mumbai Office Bomb Threat) दी गई है। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और नागरिकों में डर का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक, बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए दी गई है. ई-मेल में धमकी दी गई थी कि आरबीआई दफ्तर, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में बम रखा गया है. सबसे गंभीर बात इस धमकी भरे मेल में आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) के इस्तीफे की मांग की गई है. जानकारी सामने आई है कि धमकी खिलाफत इंडिया (Khilapat India) के ई-मेल से आई है.
मंगलवार दोपहर को मुंबई में कुल 11 जगहों पर बम होने की धमकी मिली. इसमें कहा गया कि बम विस्फोट दोपहर डेढ़ बजे होगा. पुलिस ने जब इन सभी जगहों की तलाशी ली तो कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला. इसके बाद एमआरए मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और बताया गया है कि पुलिस आगे की जांच कर रही है.
