मुंबई: अगले साल लोकसभा के साथ महाराष्ट्र में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। लिहाजा सभी राजनीतिक पार्टियां आगामी चुनाव की तैयारी में जुटी हुई हैं। इस बीच, महाविकास अघाड़ी के साथ-साथ सत्तारूढ़ महागठबंधन में भी सीटों के बंटवारे को लेकर तरह तरह की बातें सामने आ रही हैं। इस बीच अजित पवार गुट की मांग है कि हम एकनाथ शिंदे गुट के लिए भी उतनी ही सीटें चाहते हैं। पार्टी नेता छगन भुजबल ने भी कहा है कि यह मांग सही है। छगन भुजबल ने कहा कि अजित पवार हमारी पार्टी के मुखिया हैं।
उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर अपनी राय रखी है। जितने विधायक एकनाथ शिंदे गुट के आए हैं, लगभग उतने ही विधायक अजित पवार गुट के भी आए हैं। कुल मिलाकर हमें भी उनके जैसा ही न्याय मिलना चाहिए। यही हमारी राय है और ये सही भी है।
इस बीच अजित पवार गुट के नेता प्रफुल्ल पटेल ने सीट बंटवारे की जानकारी देते हुए कहा कि तारीख तय नहीं हुई है। संसद और विधानसभा का सत्र चल रहा था। तीनों राज्यों में मंत्रिमंडल का विस्तार चल रहा है। अब जनवरी माह में हमारी तीनों पार्टियों की बैठक होने जा रही है। साथ ही बीजेपी के शीर्ष नेताओ के साथ एकनाथ शिंदे और हमारी पार्टी के नेताओं की चर्चा होगी।
देवगिरी में बैठक आज
इस बीच आज शाम अजित पवार के आवास देवगिरी पर विधायकों की बैठक होगी। संभावना है कि इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव पर चर्चा होगी। साथ ही जनवरी महीने में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि महागठबंधन में किस पार्टी को कितनी सीटें दी जाएं।
