मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर माना जाता है। हलांकि, बीते कुछ सालों में यह बात गलत ही साबित हुई है। मुंबई में महिलाओं के साथ यौन अपराध के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते गुरूवार की रात मायानगरी मुंबई में एक महिला पॉयलट के साथ छेड़खानी की वारदात पेश आई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार की रात पीड़ित महिला ने अपने पति से मुलाकात के बाद सीएसएमटी स्टेशन से एक कैब बुक की थी। थोड़ी दूर जाने के बाद ड्राइवर ने अचानक रास्ता बदल दिया। इसके बाद उसने रास्ते में दो अन्य लोगों को गाड़ी में बैठाया।
ड्राइवर की इस हरकत से महिला डर गई और उसने जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। इसपर एक आदमी जो ड्राइवर के बगल में बैठा था, उसने महिला से चुप रहने के लिए कहा जबकि पीछे की सीट पर पीड़ित महिला के बगल में बैठे दूसरे शख्स ने महिला को गलत तरीके से छुआ। हैरत कि बात यह रही कि छेड़खानी की इस वारदात के दौरान ड्राइवर खामोश बैठा रहा।
पुलिस नाकाबंदी से टली बड़ी वारदात
गनीमत यह रही कि घटना के बाद कुछ दूरी पर पुलिस नाकाबंदी करके तलाशी ले रही थी। इस वजह से दोनों शख्स गाड़ी से उतरकर फरार हो गए। इसके बाद ड्राइवर ने पीड़िता को उसके घर छोड़ा। गाड़ी से उतरने के बाद महिला पायलट ने ड्राइवर से पूछा कि तुमने ऐसा क्यों किया जिसका ड्राइवर ने कोई जवाब नहीं दिया।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल कैब में बैठने वाले बाकी दोनों आरोपियों की मुंबई पुलिस तलाश कर रही है।
