मुंबई: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज मुंबई में संपन्न हुई। इस यात्रा के समापन के मौके पर आज मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क मैदान में इंडिया गठबंधन(India Alliance) की एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में देशभर से इंडिया गठबंधन के दिग्गज नेता मौजूद हैं। इस बैठक में बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव(Tejashwi Yadav) ने महाराष्ट्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा, ‘महाराष्ट्र सरकार (Maharashtra Government) के पास कोई नेता नहीं है, केवल डीलर हैं। वोट तो उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नाम पर ले रहे हैं और बीजेपी से डीलिंग कर रहे हैं। वोट शरद पवार (Sharad Pawar) के नाम पर लेते हैं और डील बीजेपी (BJP) से करते हैं। इसलिए ये सभी डीलर हैं कोई नेता नहीं हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठे हैं, वो झूठ की फैक्ट्री हैं। वे झूठ के सेलर और थोक विक्रेता भी हैं। मोदी ने हमारे चाचा(नीतीश कुमार) को अपने साथ मिला लिया। मोदी सबको गारंटी देते हैं क्या वे हमारे चाचा (नीतीश कुमार) को गारंटी दे सकते हैं?
मोदी ने पांच साल में पांच लाख नौकरियां दीं?
तेजस्वी यादव ने कहा बिहार में इस बार हम चुनाव में आश्चर्यजनक परिणाम देंगे। मीडिया कुछ भी दिखाए, सर्वे कुछ भी बताए, हम जीतेंगे। तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि क्या नरेंद्र मोदी ने पांच साल में पांच लाख नौकरियां दीं? मोदी ने कुछ नहीं किया। राहुल गांधी को प्यार की दुकान जारी रखनी चाहिए। भले ही हम कल सत्ता में न आएं, हमें लोगों के पास जाना चाहिए।
