मुंबई: अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक पार्टियां इसकी तैयारियों में जुट गई हैं। सभी राजनीतिक दलों ने बैठकें, रैलियां और जनता से संवाद पर जोर देना शुरू कर दिया है। साथ ही चुनाव को लेकर भी एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि चुनाव में किसको कितनी सीटें मिलेंगी। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लोकसभा चुनाव में महायुति (शिवसेना-बीजेपी-एनसीपी) को मिलने वाली सीटों की संख्या भी बता दी है। दिलचस्प बात यह है कि यह आंकड़ा मुख्यमंत्री ने पहली बार बताया है।
सीएम एकनाथ शिंदे ने बताया कि शुक्रवार को हमारे महागठबंधन की बैठक हुई। इसमें एक समन्वय समिति का गठन किया गया। इसमें तीनों दलों के बीच समन्वय पर चर्चा हुई। इस बैठक में निर्णय लिया गया कि महायुति के सभी कार्यकर्ता जिला और तहसील स्तर पर मिलकर काम करेंगे। लोकसभा चुनाव में जनता राज्य के कामकाज और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 साल के काम का आकलन करेगी। सीएम ने कहा की मतदाता विपक्ष को जवाब दिए बिना नहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि लोकसभा चुनाव में हमारा गठबंधन 45 सीटों पर जीत दर्ज करेगा।
हम काम कर रहे हैं
इस दौरान एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत की भी आलोचना की। हम काम करते हैं लेकिन विरोधियों के पास अब करने के लिए कोई काम नही है। हर दिन आरोप लगाना अब विपक्ष के पास बस यही काम है। हम उन्हें काम से जवाब दे रहे हैं। हम उन परियोजनाओं को शुरू कर रहे हैं जिन्हें उन्होंने अपने अहंकार के चलते रोक दिया था। अहंकार भाव से राज्य नहीं चलता। इसलिए हम उनकी बातों पर ध्यान नहीं देते हैं बल्कि हम अपने काम पर ध्यान देते हैं।
मुझे आमंत्रित किया गया है
जम्मू-कश्मीर में शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शामिल होंगे। शिंदे ने बताया कि मुझे भी आमंत्रित किया गया है। यह मूर्ति भारत और पाकिस्तान के बोर्ड पर जम्मू में लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा से देश के सैनिकों को प्रेरणा मिलेगी।
स्थायी आरक्षण देंगे
मराठा आरक्षण के मुद्दे पर बात करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि मैं मराठा समाज और मनोज जरांगे पाटिल का धन्यवाद अदा करता हूँ। जरांगे ने सरकार के अनुरोध पर अमल किया है। हम मराठा समुदाय को आरक्षण देंगे जो हमेशा कायम रहेगा और कानून के दायरे में फिट बैठेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम दूसरों के साथ अन्याय किए बिना आरक्षण देंगे।
