पुणे: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार के बीच पिछले पांच दिनों में तीन बार मुलाकात हो चुकी है। इतना ही नहीं राजनीतिक मतभेदों को भुलाकर सुप्रिया सुले ने अजित पवार को भाईदूज पर तिलक लगाया। यह समारोह काटेवाड़ी में संपन्न हुआ। पिछले कई सालों से पवार परिवार एक साथ दिवाली मनाता आ रहा है। हालांकि, मौजूदा सियासी हालातों को देखते हुए लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा था कि क्या इस बार पवार परिवार एक साथ आएगा? लेकिन दिवाली के मौके पर शरद पवार और अजित पवार की तीन बार मुलाकात हुई।
शुरुआत में दिवाली की पूर्व संध्या पर अजित पवार-शरद पवार की पारिवारिक मुलाकात हुई थी। बाद में मोदी बाग में दिवाली मिलन कार्यक्रम में दोनों नेता आमने-सामने आए थे। बुधवार को भाईदूज के मौके पर दोनों नेताओं की फिर मुलाकात हुई। पवार परिवार ने काटेवाड़ी में भाऊबीज (भाईदूज) के कार्यक्रम का आयोजन किया था।
भाईदूज पर मिले सुप्रिया सुले और अजित पवार
राजनीतिक मतभेदों को भूलकर बुधवार को पवार परिवार सभी को भाईदूज की शुभकामनाएं देने के लिए काटेवाड़ी में इकट्ठा हुआ। सांसद सुप्रिया सुले और सभी बहनों ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार को तिलक लगाया। दिवाली के मौके पर पवार परिवार के एकजुट होने से सबकी उम्मीदें बढ़ गई हैं।
भाऊ-बहिणीच्या पवित्र नात्याची वीण अधिक घट्ट करणारा सण म्हणजे भाऊबीज…या सणाच्या निमित्ताने सर्वांना हार्दिक शुभेच्छा.🙏🏼 pic.twitter.com/4yJkbLf1Dv
— Supriya Sule (@supriya_sule) November 15, 2023
कुछ महीने पहले अजित पवार ने पार्टी से बगावत कर बीजेपी का समर्थन किया था। एनसीपी में ज्यादातर विधायक अजित पवार के साथ हैं। कुछ तो सरकार में मंत्री भी हैं। फिर भी चाचा-भतीजा के एक साथ आने पर हैरानी जताई जा रही है।
साथ दिखे अजित पवार और शरद पवार
इस बीच अजीत पवार ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह दिवाली पर किसी से नहीं मिलेंगे। दरअसल वह डेंगू से पीड़ित थे। ऐसे में यह माना जा रहा था कि वह दिवाली पर घर में ही रहेंगे। हालांकि, परंपरा के अनुसार, अजित पवार और शरद पवार भी परिवारिक कार्यक्रम में शामिल हुए। गोविंद बाग में दोपहर के स्नेहभोज में अजित पवार जबकि भाईदूज के लिए कातेवड़ी में अजित पवार के घर पर शरद पवार और सांसद सुप्रिया सुले मौजूद थीं।
