हैदराबाद: विधानसभा में जीत के बाद कांग्रेस ने तेलंगाना में मुख्यमंत्री पद का चेहरा तय कर लिया है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस प्रमुख रेवंत रेड्डी तेलंगाना के नए मुख्यमंत्री होंगे। वह गुरुवार 7 दिसंबर को पद की शपथ लेंगे। रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना में कांग्रेस को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस बात का ऐलान खुद कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया है। उन्होंने कहा कि रेड्डी अनुभवी हैं और लोगों के साथ काम किया है। उन्हें कांग्रेस आलाकमान के करीबियों में शुमार किया जाता है।
तेलंगाना का रिज़ल्ट
रेवंत रेड्डी ने राज्य में पार्टी को जीत दिलाने के लिए कड़ी मेहनत की। इसका फल भी उन्हें और उनकी पार्टी को मिला है। 119 विधानसभा सीटों वाले तेलंगाना राज्य में कांग्रेस ने 64 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि प्रतिद्वंद्वी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को 39 सीटों से संतोष करना पड़ा है। वहीं बीजेपी 8 सीटें हासिल करने में कामयाब रही है।
#WATCH | Congress General Secretary KC Venugopal says, "Congress President has decided to go with Revanth Reddy as the new CLP of Telangana Legislative Party."
Swearing-in ceremony of new Telangana CM to be held on December 7. pic.twitter.com/4bkAGMjTmg
— ANI (@ANI) December 5, 2023
कौन हैं रेवंत रेड्डी?
रेवंत रेड्डी को कांग्रेस आलाकमान का करीबी माना जाता है। एक प्रचार रैली के दौरान उन्हें कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ आए थे। 54 वर्षीय रेवंत रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के महबूबनगर के रहने वाले हैं। वह एक छात्र नेता रहे हैं। कुछ समय तक वह एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े रहे।
साल 2009 में उन्होंने टीडीपी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2017 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए। साल 2021 में उन्हें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।
