लखनऊ। अब श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर के नई तकनीक से दर्शन कर सकेंगे। दरअसल तकनीक और गैजेट्स का उपयोग करते हुए वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर ने भक्तों के लिए वर्चुअल रियलिटी 3 डी दर्शन सुविधा शुरू की है। इस नई सुविधा के बारे में मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने कहा, 3डी वर्चुअल रियलिटी एक नई तकनीक है, जिसे उज्जैन के महाकालेश्वर और माता वैष्णो देवी मंदिर जैसे विभिन्न मंदिरों में लागू किया गया है।
उन्होंने कहा, उन मंदिरों में 3डी तकनीक प्रदान करने वाली कंपनी ने इसके लिए काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट से संपर्क किया था, 5 मई से 4 जून के बीच हमारे कुल 363 कर्मचारियों और पुजारियों ने फिल्म देखी, उन्होंने शो के बारे में सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इसके बाद इसे भक्तों के लिए शुरू किया गया और 4 जून से 30 जून तक कुल 282 भक्तों ने फिल्म देखी, अगर भक्तों को यह पसंद आती है, तो इसे कुछ तौर-तरीकों और नियमों और शर्तों पर लागू किया जाएगा जो पारस्परिक रूप से लाभकारी और सहमत होंगे।
पीएम मोदी 18 को आएंगे वाराणसी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पवित्र नगरी की आगामी यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए वाराणसी पहुंचे। मोदी 18 जून को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का दौरा करेंगे और किसानों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। वह काशी विश्वनाथ मंदिर भी जाएंगे और गंगा आरती में भाग लेंगे। तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह मोदी का पहला वाराणसी दौरा होगा।
आदित्यनाथ ने सेवापुरी के मेहंदीगंज में मोदी की जनसभा के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने वाराणसी और उसके पड़ोसी जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं का मूल्यांकन करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रधानमंत्री की सुरक्षा, कार्यक्रम स्थल पर पार्किंग, लोगों की आवाजाही और नेताओं के लिए मार्ग से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की भी समीक्षा की। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ और काल भैरव मंदिर में भी दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
