मुंबई: लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच मुंबईवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाले सातों जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, शहर को पानी सप्लाई करने वाले जलाशयों में कुल जल भंडार बढ़कर 69.74 प्रतिशत पहुंच गया है।
बीएमसी के अनुसार, 22 जुलाई सुबह 6 बजे से 23 जुलाई सुबह 6 बजे के बीच हुई बारिश के बाद जलाशयों के जलस्तर में पिछले 24 घंटों के दौरान 7.84 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से मुंबई के पेयजल भंडार की स्थिति लगातार मजबूत होती जा रही है।
मोडक सागर चौथी बार ओवरफ्लो
मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली मोडक सागर झील गुरुवार तड़के करीब 2:07 बजे ओवरफ्लो होने लगी। इस मानसून में ओवरफ्लो होने वाली यह चौथी झील बन गई है।
इससे पहले विहार झील, तुलसी झील और तानसा झील भी पूरी तरह भरकर ओवरफ्लो हो चुकी हैं। जलाशयों में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए आने वाले दिनों में अन्य झीलों के भी भरने की संभावना जताई जा रही है।
मोडक सागर की कितनी है क्षमता?
बीएमसी के अनुसार, मोडक सागर झील की अधिकतम जल भंडारण क्षमता 1,28,925 मिलियन लीटर (करीब 12,892.5 करोड़ लीटर) है। लगातार बारिश के चलते झील अपनी पूरी क्षमता तक भर गई और गुरुवार तड़के ओवरफ्लो होने लगी।
मुंबई के पानी को लेकर राहत
मानसून की शुरुआत में जल भंडार को लेकर चिंता जताई जा रही थी, लेकिन जुलाई के दूसरे पखवाड़े में हुई लगातार बारिश से स्थिति में बड़ा सुधार आया है। बीएमसी का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहता है, तो मुंबई के पेयजल भंडार को लेकर फिलहाल राहत की स्थिति बनी रहेगी।
