नई दिल्ली: IRCTC के नए CMD बने राहुल हिमालियन, संजय कुमार जैन के इस्तीफे के बाद रेल मंत्रालय ने सौंपी जिम्मेदारी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। IRCTC के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) संजय कुमार जैन के इस्तीफे के बाद रेल मंत्रालय ने राहुल हिमालियन को CMD का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। वह 20 जुलाई 2026 से यह नई जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही वह निदेशक (पर्यटन एवं मार्केटिंग) के रूप में अपनी मौजूदा जिम्मेदारियां भी निभाते रहेंगे।
राहुल हिमालियन भारतीय रेलवे ट्रैफिक सेवा (IRTS) के 1999 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं। उन्हें भारतीय रेलवे और IRCTC में 26 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है। वह 16 फरवरी 2024 से IRCTC के बोर्ड में पूर्णकालिक कार्यकारी निदेशक (Whole-Time Functional Director) के रूप में कार्यरत हैं।
निदेशक (पर्यटन एवं मार्केटिंग) के तौर पर उन्होंने पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), मानव संसाधन विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रशासन और राजभाषा जैसे अहम विभागों का नेतृत्व किया है। अब CMD का अतिरिक्त प्रभार मिलने के बाद वह IRCTC के संचालन और भविष्य की रणनीतिक योजनाओं की कमान संभालेंगे।
राहुल हिमालियन का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी बेहद शानदार रहा है। वह द लॉरेंस स्कूल के हेड बॉय और सर्वश्रेष्ठ छात्र रहे हैं। उन्होंने एनआईटी हमीरपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल के साथ स्नातक किया। इसके बाद आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएशन करते हुए 10.00 का परफेक्ट CGPA हासिल किया। उन्हें सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण छात्र के लिए प्रतिष्ठित प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल भी मिल चुका है।
IRCTC ने राहुल हिमालियन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया है कि उनके नेतृत्व में कंपनी पर्यटन, कैटरिंग और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगी
