Monday, June 22, 2026
No menu items!
Homeराष्ट्रीयInternational Yoga Day 2026: बारिश में योग करते दिखे रामदास आठवले, बोले-...

International Yoga Day 2026: बारिश में योग करते दिखे रामदास आठवले, बोले- तन और मन को स्वस्थ रखना है तो रोज करें योग

मुंबई: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई के मालाबार हिल स्थित प्रियदर्शिनी पार्क में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने लोगों से रोजाना योग करने की अपील की। तेज बारिश के बावजूद कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

रामदास आठवले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिदिन लगभग दो घंटे योग करते हैं, जबकि वे स्वयं रोज आधा घंटा योग करते हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी मजबूत बनाता है।

उन्होंने कहा, “अगर मैं योग नहीं करता तो शायद आज आपके सामने इतनी ऊर्जा के साथ खड़ा नहीं हो पाता। शारीरिक और मानसिक शक्ति योग से मिलती है। तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए हर व्यक्ति को रोज योगासन करना चाहिए।”

बारिश के बीच मना योग दिवस

प्रियदर्शिनी पार्क में सुबह 7 बजे योग कार्यक्रम शुरू होते ही बारिश होने लगी। हालांकि बारिश की फुहारें भी प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं कर सकीं। बारिश के बीच योगाभ्यास और रामदास आठवले की चर्चित कविताओं ने कार्यक्रम का माहौल और भी खास बना दिया।

इस दौरान सांसद मिलिंद देवरा, विधायक मनीषा कायंदे, सुशीबेन शाह, योग प्रशिक्षक रवि दीक्षित, माधवबाग के डॉ. रोहित साने, अपर्णा खानोरे, किशोर मडावी और रिपब्लिकन पार्टी के दक्षिण मुंबई जिला अध्यक्ष संजय पवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

“मेडिटेशन भगवान बुद्ध की दुनिया को अनमोल देन”

अपने संबोधन में रामदास आठवले ने कहा कि मेडिटेशन और विपश्यना मानव जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने कहा, “मेडिटेशन भगवान बुद्ध द्वारा दुनिया को दी गई एक अनमोल भेंट है। योग, ध्यान और विपश्यना को हर व्यक्ति को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।”

कार्यक्रम के दौरान आठवले ने स्वयं भी कई योगासन किए और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

बारिश पर आठवले की कविता ने जीता दिल

अपने चिर-परिचित अंदाज में रामदास आठवले ने कार्यक्रम के दौरान कई कविताएं सुनाईं। बारिश शुरू होने पर उन्होंने कहा,

योग करने की हम सबको है आस, फिर कैसे नहीं आएगा बारिश का एहसास?”

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,

“बारिश अब चली गई है, हमने योग कर लिया है, अब हम जाएंगे, अगले साल फिर आएंगे।”

उनकी कविताओं पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। कई लोगों ने खुद को उनकी कविताओं का प्रशंसक बताते हुए और कविताएं सुनाने का आग्रह भी किया।

मोटापा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन

इस अवसर पर माधवबाग द्वारा चलाए जा रहे ‘मोटापा मुक्त भारत अभियान’ के पोस्टर का विमोचन भी केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के हाथों किया गया। कार्यक्रम में योग के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली और फिट इंडिया के संदेश को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।

leadnewstoday
leadnewstodayhttps://leadnewstoday.com/
आप सभी का LEAD NEWS TODAY में स्वागत है. LEAD NEWS TODAY एक समाचार (न्यूज) वेबसाइट है. जो निष्पक्ष, प्रामाणिक और भरोसेमंद तरीके से अपने दर्शकों और पाठकों तक खबरों को पहुंचाती है. महाराष्ट्र समेत देश, दुनिया की सारी ताजा खबरें आप तक पहुँचाने का हमारा प्रयास है. LEAD NEWS TODAY में आपको राजनिती से लेकर बिजनेस, मनोरंजन, बॉलीवुड, स्पोर्ट्स, क्राइम और लाइफस्टाईल इन सभी क्षेत्रों की ताजा खबरें पढने को मिलेंगी.... LEAD NEWS TODAY Is best Hindi News Portal. We covers latest news in politics, entertainment, bollywood, business and sports.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments