मुंब्रा: ठाणे के मुंब्रा इलाके में इंसानियत और बहादुरी की मिसाल पेश करने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कौसा स्थित अलमस कॉलोनी की सूफी बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर हवा में फंसे एक बकरे को स्थानीय युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बचा लिया। इस रोमांचक रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग युवकों की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
देर रात गूंजी बकरे की दर्दनाक चीखें
जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात की है। इलाके के लोगों को अचानक बकरे की तेज और दर्द से भरी आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। जब लोगों ने ऊपर देखा तो सभी के होश उड़ गए। सूफी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल के छत वाले हिस्से में एक बकरा खतरनाक तरीके से फंसा हुआ हवा में लटक रहा था।
नीचे सीमेंट की कठोर जमीन और ऊपर जिंदगी के लिए संघर्ष करता बेजुबान जानवर… यह नजारा बेहद डरावना था। हर पल ऐसा लग रहा था कि बकरा नीचे गिर सकता है।
युवकों ने जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के कुछ युवक तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना अपनी सुरक्षा की चिंता किए युवकों ने रस्सियों के सहारे इमारत पर चढ़कर रेस्क्यू शुरू किया। नीचे खड़े लोगों ने भी बकरे को सुरक्षित पकड़ने की तैयारी कर ली। करीब कई मिनट तक चले इस खतरनाक ऑपरेशन के दौरान पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना रहा। लोग सांसें थामकर रेस्क्यू देखते रहे।
सुरक्षित नीचे उतारा गया बकरा
काफी मशक्कत के बाद युवकों ने आखिरकार बकरे को सुरक्षित नीचे उतार लिया। जैसे ही बकरे की जान बची, मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर युवकों का स्वागत किया। इलाके में खुशी और राहत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल Media पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग मुंब्रा के युवकों की बहादुरी और इंसानियत की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि “इंसानियत अभी भी जिंदा है।”
